लेखपाल के लिए जिले में हुई प्रवेश परीक्षा में 33,335 हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने भाग लिया। निष्पक्ष और शांति पूर्वक परीक्षा कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से कड़े इंतजाम किए गए। इसमें तीन जोन और 12 सेक्टर बनाकर दो पालियों में परीक्षा कराई गई। जिले में लेखपाल के 81 पद हैं।
जिले में 40 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के लिए 20 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 33,335 से अधिक परीक्षार्थी उपस्थित रहे। परीक्षा के लिए जिले के सभी 20 थानों, 45 चौकियों, रिजर्व पुलिस लाइन से फोर्स परीक्षा केंद्रों पर लगाया गया। एसडीएम और सीओ सेक्टर पर रहे। साथ ही डीएम राजेश कुमार, एसएसपी डा. राकेश सिंह, एसपी सिटी शैलेश पांडेय, एसपी देहात अजय कुमार और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
पेपर आउट होने की रही चर्चा
लेखपाल परीक्षा के दौरान केंद्रों के बाहर परीक्षा के पेपर लीक होने की चर्चाएं चलती रहीं। कुछ लोग वाट्सएप पर पेपर लीक होने की सूचना देते रहे। कभी यह अफवाह जिले के लिए आई तो कभी अन्य जिलों में ऐसा होने की बात परीक्षार्थियों के साथ आए अभिभावकों में हुई। डीएम राजेश कुमार ने जिले में शांतिपूर्वक परीक्षा होने की जानकारी दी है।