मथुरा। रोडवेज बस स्टैंड पर अब यात्रियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए तीन एलईडी सिस्टम लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने यात्रियों को रोडवेज से लेकर यातायात नियमों के पालन करने के प्रति कदम उठाया है।
परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मदन मोहन शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा जिले के वृंदावन बस स्टैंड, गोवर्धन और आईएसबीटी पर एक-एक एलईडी सिस्टम लगाने के निर्देश मिले हैं। इन तीनों बस स्टैंड से सफर करने वाले यात्रियों को यातायात निगम के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही चालक-परिचालक को बस चलाते समय सीट बेल्ट के प्रयोग करने को भी जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कई हादसे हेलमेट का प्रयोग नहीं करने से भी बढ़ रहे हैं। बस और गाड़ी में सीट बेल्ट का प्रयोग करने को भी जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम के अधिकारी यात्रियों को अब डिजिटल स्क्रीन से भी नियमों का पाठ पढ़ाएंगे। एआरएम ने बताया कि रोडवेज बसों के पीछे सड़क सुरक्षा स्लोगन और संदेश भी लगाए जा रहे हैं। इससे यात्रियों के साथ सड़क पर चलने वाले लोग भी नियमों का पालन करें।