मथुरा। गर्मी में पेयजल आपूर्ति के लिए जल निगम ने कमर कस ली है। विभाग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट व जर्जर पाइपलाइनों को दुरुस्त कराने में जुटा है। कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गईं हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में कार्य प्रगति पर है।
अधिकारियों के मुताबिक, शहर में इस समय सुबह, दोपहर व रात के समय कुल 12 घंटे पानी की सप्लाई की जा रही है। बीते साल शहर के कई इलाकों में निगम पानी की जरूरत को पूरा नहीं कर पाया था। इसलिए इस साल जल निगम ने पहले से ही व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। कुछ क्षेत्रों में जैसे कृष्णा नगर, राधा नगर, प्रताप नगर, महोली रोड, डैंपियर नगर समेत कई इलाकों में गंगाजल आपूर्ति में कमी आई है।
इन क्षेत्रों में पेयजल पाइप लाइनों के साथ-साथ टैंकरों से पानी आपूर्ति के चार ट्रैक्टर खरीदे गए हैं। आपात स्थित में इन क्षेत्रों में टैंकरों से भी पानी सप्लाई किया जाएगा। जल निगम के महाप्रबंधक मोहम्मद अनवर ख्वाजा ने बताया है कि अगर किसी इलाके में बिजली की सप्लाई प्रभावित होती है तो उस इलाके में टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की जाएगी। ताकि वहां लोगों को पानी की समस्या से न जूझना पड़े। हालांकि कई क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइनों को दुरुस्त कराया गया है।