स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को विद्युत झालरों की रोशनी में जगमगाता मथुरा का हृहदय स्थल होली ?
- फोटो : MATHURA
मथुरा। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार सुबह नौ बजे ध्वजारोहण होगा। सभी सरकारी भवनों तथा संस्थानों में तिरंगा फहराया जाएगा। पूर्व व्यवस्था के अनुसार सुबह आठ बजे ध्वजारोहण होता था, लेकिन कोरोना महामारी के चलते शासन के निर्देश पर समय नौ बजे किया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने जिले के सभी अधिकारियों को कोविड-19 के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
जिले की सुरक्षा चाक-चौबंद की गई है। हर चौराहे और जनपद की सीमाओं पर वाहन चेकिंग की जाएगी। हर आने-जाने वाले पर सतर्क नजर रखी जाएगी और कोरोना की गाइड लाइन का अनुपालन भी किया जाएगा। विद्यालय तथा सार्वजनिक स्थानों पर कोरोना की गाइड लाइन भी ध्यान रखा जाएगा। एसपी क्राइम राधेश्याम रॉय ने बताया कि पुलिस 15 अगस्त को पूरी तरह से सतर्क रहेगी।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। जीआरपी और आरपीएफ ने श्वान दस्ता के साथ संयुक्त रूप से मथुरा जंक्शन प्लेटफार्म एरिया, बुकिंग पीआरएस हॉल, पार्सल कार्यालय, सर्कुलेटिंग एरिया में सघन तलाशी चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कोई भी संदिग्ध व्यक्ति व वस्तु प्रकाश में नहीं आई।
शहर का हृदय स्थल जगमगाया
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संख्या पर शहर के हृदय स्थल होली गेट सहित तिराहे-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक विद्युत मालाओं से सजाया गया है। जहां-जहां ध्वजारोहरण किया जाएगा, उन स्थानों पर चूना डलवाया गया है। नगर पालिका की ओर से भी शहर की साफ-सफाई की गई है। महापुरुषों की प्रतिमाओं को साफ करने के बाद वहां लाइटिंग की गई है।