नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा की गई सैंपलिंग के दौरान बंद मिले एसटीपी के प्रकरण ने पालिका में घमासान मचा दिया है। जेई ने जब इसकी जानकारी एई को दी तो एई ने ठेेकेदार की ही पैरोकारी करते हुए जेई और ईओ को जमकर गरियाया। इस वार्तालाप का ऑडियो वायरल हो गया है।
नगर पालिका मथुरा में एसटीपी संचालन के नाम पर बड़ा घपला हो रहा है। ठेकेदार को पालिका बगैर संचालन के ही भुगतान कर रही है। इसकी पोल एनजीटी के आदेश पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा लिए गए सैंपल में एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। सभी एसटीपी बंद मिले और पोंड खाली थे।
सैंपलिंग के बाद इसकी रिपोर्ट को लेकर जेई मुंशीलाल और एई केआर सिंह के बीच हुए वार्तालाप का आडियो वायरल हो गया है। इस आडियो में एई केआर सिंह जेई मुंशीलाल को जमकर गालियां दे रहे हैं। कहा जा रहा है कि शिकायत करना बंद कर दो। पालिका में ठेकेदार कुशवाहा जो चाहेंगे वही होगा। इस वार्तालाप के दौरान एई ने ईओ ब्रजेश कुमार को भी नहीं बख्शा है। यह आडियो प्रशासनिक हलकों में भी सुर्खियां बटोर रहा है।
निदेशक निकाय से की कार्रवाई की संस्तुति
ईओ डा. ब्रजेश यादव ने बताया कि ऑडियो सुन लिया है। असल में तीन माह पहले एसटीपी संचालन का प्रभार तत्कालीन जेई केआर सिंह पर था। कार्य में शिथिलता पर उन्हें हटाते हुए जेई मुंशीलाल को दायित्व सौंपा। कुछ लापरवाह ठेकाकर्मी भी हटाए। इसी दरम्यान केआर सिंह जेई से एई हो गए।
अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने ठेकेदार से लापरवाह कर्मचारियों को फिर तैनाती दिला दी। एसटीपी संचालन फिर बिगड़ गया। सोमवार को सैंपलिंग में यह स्थिति सामने आ गई। जेई मुंशीलाल की शिकायत और आडियो को संज्ञान में लेते हुए एई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और स्थानांतरण की रिपोर्ट निदेशक निकाय को भेजी जा रही है। डीएम को इससे अवगत कराया जा रहा है।