नंदीश्वर पहाड़ी स्थित विश्वविख्यात नंदबाबा मंदिर में सोमवार को मां यशोदा का जन्मदिन मनाया गया। नंदगांव-बरसाना के गोस्वामीजनों ने नंदबाबा और यशोदा मैया को समाज गायन कर बधाई दीं। छप्पनभोग और भंडारे का आयोजन किया गया।
यशोदा मैया के जन्मदिन के उपलक्ष्य में नंदभवन को दुल्हन की तरह सजाया गया था। सुगंधित पुष्प और पत्तियों से बंधनवार सजाए गए। बधाई देने के लिए बरसाना से गोस्वामी भी आए। मनोनीत सभासद दानबिहारी ने सभी समाजियों का पटुका और माला पहनाकर स्वागत किया।
इस दौरान नंदगांव बरसाना के गोस्वामियों के बीच करीब सवा घंटे तक समाज गायन का दौर चला। ‘जुर चलियौ बधावन नंदमहर घर सुंदर ब्रज की बाला...’, ‘आज महामंडल महराने...’ आदि पदों का गायन किया गया। शरन द्वारा रचित ‘उमगि उगी जस की धरा माई लियौ अवतार...’ का भी गायन किया गया।
इसके बाद नंदगांव बरसाना के लोगों के बीच हास-परिहास का दौर चला। इस अवसर पर नंदगांव गोस्वामी समाज के मुखिया छैलबिहारी गोस्वामी, बालमुकंद, नवल शास्त्री, ताराचंद गोस्वामी, रामशरण शर्मा, रमेश गोस्वामी, राधाबल्लभ गोस्वामी, गुड्डी गोस्वामी, पूरनपंडा, ओमी पंडा, पूर्व एमएलसी लेखराज चौधरी आदि मौजूद रहे।
लठामार होली की तैयारियां जोरों पर
विश्वविख्यात नंदबाबा मंदिर में फाग और समाज गायन की धूम है। बरसाना और नंदगांव नगर पंचायत ने भी तैयारियां शुरू कर दीं हैं। विश्वप्रसिद्ध लठामार होली के लिए हुरियारे अपनी ढाल, पाग, पिचकारी आदि संवारने में जुटे हैं। हुरियारिन भी अपनी लाठियों को सजा रही हैं।
कस्बों से बाहर रहने वाले हुरियारे और हुरियारिनों ने भी यहां आकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। हरियाणा, राजस्थान, पंजाब समेत विभिन्न प्रांतों के श्रद्धालुओं का आवागमन जारी है। लठामार होली का आयोजन बरसाना में 17 मार्च को और नंदगांव में 18 मार्च को होगा। इसके लिए नगर पंचायत ने केएनबीजी रोड पर विशेष सफाई अभियान चलाया। पेयजल की लाइन दुरुस्त की जा रही हैं।
प्रशासन की बैठक आज
बरसाना स्थित नगरपालिका सभागार में एक मार्च को दोपहर तीन बजे महाशिवरात्रि, होली के लिए सुरक्षा व्यवस्था और पालीथिन प्रतिबंध पर बैठक होगी। एडीएम प्रशासन एके अवस्थी ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता डीएम करेंगे। इसमें संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ लाड़िलीजी महारानी बरसाना, श्रीकृष्ण जन्मस्थान और दाऊजी महाराज बलदेव मंदिर के प्रबंधक, सचिव भाग लेंगे।