प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फरह आगमन को लेकर हाईवे पर पांच घंटे के लिए भारी वाहनों का आवागमन बाधित रहेगा। दोपहर दो बजे से कोसीकलां से आगे भारी वाहन ट्रक आदि मथुरा की ओर नहीं आ सकेंगे। आगरा में रुनकता से आगे ट्रकों को दोपहर दो बजे से रोक दिया जाएगा।
इन वाहनों को शाम सात बजे के बाद ही हाईवे से गुजरने दिया जाएगा। यात्री वाहन, बस आदि चलती रहेंगी। इधर जनकल्याण सभा में प्रधानमंत्री को सुनने आने वाले लोगों के वाहनों के लिए फरह के आसपास के इलाके में हाईवे किनारे 12 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
25 मई को फरह स्थित नगला चंद्रभान के दीनदयाल धाम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनकल्याण सभा को संबोधित करेंगे। सभा में मथुरा, आगरा, अछनेरा और आसपास के इलाके से करीब डेढ़ लाख लोगों के आने का अनुमान है।
सभा के लिए मथुरा से जाने वाली बसों को गांव फतिहा तिराहे से पूर्व लोकेश ढाबे के निकट खेतों में खड़ा कराया जाएगा। अन्य चौपहिया वाहनों के लिए निकट ही दो बड़ी पार्किंग बनाई गई हैं। दोपहिया वाहनों के लिए अलग से तीन पार्किंग हैं।
आगरा की ओर से आने वाली बसों के लिए फरह से पूर्व मां की रसोई होटल के सामने खेतों में पार्किंग बनाई गई है। निकट ही अन्य चौपहिया वाहनों को खड़ा कराने के लिए तीन बड़ी वाहन पार्किंग बनाई गई हैं। दोपहिया वाहनों के लिए भी पास में ही पार्किंग है।
इसके अलावा अछनेरा रोड पर नगला वर तिराहे के पास बस, अन्य चौपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए तीन पार्किंग बनाई गई हैं। परखम रोड पर दलितों के गांव के पास भी तीन बड़ी पार्किंग बनाई गई हैं। इनमें भी बस और चौपहिया वाहनों को खड़ा कराया जाएगा।