बलदेव। बलदेव के गांव रावल में टीकाकरण करने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इससे एएनएम सुनीता शर्मा और ज्योति शर्मा घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने मनोज को गिरफ्तार कर शांतिभंग में जेल भेज दिया।
गांव रावल में टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम एएनएम सुनीता शर्मा व ज्योति शर्मा के नेतृत्व में गई थी। यहां टीकाकरण के साथ कोविड-19 टेस्ट चल रहा था। अचानक टीम के साथ अभद्रता कर दी गई। बताया जा रहा है कि लोगों ने अभद्रता करते हुए वहां मौजूद डॉक्टरों और एएनएम के साथ मारपीट कर डाली।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी मनोज को पकड़ लिया। बाद में पुलिस के सामने आरोपी मनोज के माफी मांगने पर समझौता हो गया। आरोपी को शांति भंग में जेल भेज दिया गया। सीएचसी प्रभारी सोनू चतुर्वेदी ने बताया स्वास्थ्य टीम पर आरोपी व्यक्ति ने हमला कर दिया गया था। इसमें एक महिला स्वास्थ्य कर्मी घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर 151 में बंद कर जेल भेज दिया है। आरोपी के माफी मांगने पर समझौता हो गया है।