वृंदावन। हरियाणा पुलिस ने एक आरोपी युवक की निशानदेही पर असलहा सप्लायर को केशव धाम रोड से गिरफ्तार किया है। वह पिछले एक माह से अधिक समय से सहारनपुर से नगर में रहकर अन्य राज्यों के लोगों को अवैध असलहा बेचने का कार्य कर रहा था। सप्लायर छह हजार रुपये में तमंचे बेचता था।
हरियाणा के हांसी थाने के एएसआई समंत सिंह टीम के साथ बुधवार सुबह वृंदावन आए। टीम असलहा रखने वाले एक युवक को भी अपने साथ लाई। टीम ने युवक की निशानदेही पर दोपहर को केशव धाम रोड पर बताए ठिकाने पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश दी। पुलिस टीम ने सहारनपुर निवासी विजय को गिरफ्तार कर लिया।
एएसआई समंत सिंह ने बताया कि नो फरवरी को हांसी निवासी तरुण पुत्र संजय को तमंचा और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। उससे जब पूछताछ की तो पता चला कि वह वृंदावन से छह हजार रुपये में तमंचा खरीदकर लाया है। उसने यह भी बताया कि विजय ने उसे छह हजार रुपये में तमंचा बेचा था। वह पिछले एक माह से यहां तमंचा बेचने का कार्य कर रहा है।