मथुरा। सुनसान पड़ा गिरिराज जी परिक्रमा मार्ग।
- फोटो : MATHURA
गोवर्धन/राधाकुंड (मथुरा)। राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला निरस्त होने के बाद पहली बार आषाढ़ मास की एकादशी को गिरिराज जी की परिक्रमा में सन्नाटा रहा। गिरिराज जी के प्रमुख मंदिरों के पट बंद रहे। मानसी गंगा व परिक्रमा मार्ग में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
मेला के प्रथम दिन एडीएम प्रशासन सतीश कुमार त्रिपाठी ने बैठक कर भीड़ रोकने की तैयारियों को फाइनल टच दिया। एसपी देहात श्रीश चंद ने बैरियर व सील एरिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अगर बाहरी वाहन का प्रवेश हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम राहुल यादव ने बताया कि मुड़िया मेला निरस्त होने के बाद भीड़ की आशंका को देखते हुए रणनीति के तहत इंतजाम किए हैं। इसमें पहले दिन लोगों को आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है। स्थानीय लोगों के प्रवेश पर रोक नहीं लगी है। कोरोना संक्रमण काल में लोग बेवजह न निकलें। उन्होंने बताया कि परिक्रमा मार्ग के आश्रम, धर्मशाला व गेस्टहाउस संचालकों को निर्देश दिए हैं कि किसी व्यक्ति को न रोकें, कार्रवाई की जाएगी।
मुड़िया पूर्णिमा मेला निरस्त हो गया है। होर्डिंग व बैरिकेडिंग लगा दिए हैं। बारह प्वाइंटों पर नजर रखने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। लोगों की सुरक्षा जरूरी है। स्थानीय लोगों की परिक्रमा पर भी रोक है। बारह से आने वाली गाड़ियों को वापस कर रहे हैं।
- सतीश कुमार त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन मथुरा
गोवर्धन परिक्रमा को रोकने के लिए 14 बैरिकेडिंग लगाई गई हैं। जनपद की बाहरी सीमाओं से आने वाले 10 प्वाइंट चिन्हित किए हैं, जहां बैरियर लगाए गए हैं। लोकल लोगों को अंदर आने की व्यवस्था की गई है। पुलिस की तैनाती हो गई है।
- श्रीचंद्र एसपी देहात मथुरा