वृंदावन से श्याम नगर में भरा यमुना का पानी।
मथुरा। पहाड़ी क्षेत्रों व हरियाण, दिल्ली समेत पश्चिमी यूपी में हो रही लगातार बारिश से यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। नौहझील और वृंदावन के कुछ क्षेत्रों में तो यमुना का पानी लोगों के घरों तक भी पहुंच गया है। इससे यमुना से सटे गांवों में दहशत का माहौल है। वहीं किसानों की धड़कनें भी तेज हो गई हैं। यदि वर्षा की यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में यमुना का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। हालांकि कई क्षेत्र ऐसे भी हैं, जहां जलभराव से फसलें नष्ट हो गई हैं।
जलभराव होने से खेतों की फसलें भी नजर नहीं आ रही हैं। दूर-दूर तक खेत पानी से लबालब नजर आ रहे हैं। कई गांवों में तो दो से तीन फीट तक जलभराव हो गया है। इधर, यमुना के बढ़ रहे जलस्तर से लोगों की धड़कने तेज हो रही हैं। नौहझील के निचले क्षेत्रों में पानी पहुंच गया है। यही हाल वृंदावन के कुछ क्षेत्रों का है। यमुना के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों में सुरीर, नौहझील, मथुरा शहर, वृंदावन, महावन, बलदेव आते हैं। इन क्षेत्रों के दर्जनों गांव व कॉलोनियां यमुना के किनारे ही स्थित हैं।
हालांकि प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है और बाढ़ चौकियां भी बनाई गई हैं। नावों और राहत सामग्री की व्यवस्था की जा रही है। खतरे के निशान पर यमुना का जलस्तर पहुंचते ही प्रभावित गांव से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाएगा। खतरे का निशान 166 मीटर पर है और चेतावनी बिंदु 165.200 पर है। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के सभी कर्मचारियों को जलस्तर की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों की मैपिंग की जा रही है। इधर, मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, बृहस्पतिवार को भी जोरदार बारिश के आसार जताए हैं। तेज हवाओं के साथ गर्जन वाले बादल बनने एवं बिजली चमकने के भी आसार हैं। जिले के अधिकतर क्षेत्रों का यही हाल रहेगा।