मथुरा। पोषण ट्रैकर एप पर पोषाहार के लाभार्थियों का चेहरा प्रमाणीकरण शत-प्रतिशत नहीं करने पर 49 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को चेतावनी नोटिस जारी कर दो दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। अगर दो दिन में जिला कार्यक्रम अधिकारी को जवाब नहीं दिया तो इन कार्यकर्ताओं की सेवाएं समाप्त की जाएंगी।
बाल विकास व पुष्टाहार विभाग के तहत गर्भवती और धात्री महिलाओं को पूरक व पुष्टाहार के लिए नए नियमानुसार लाभार्थियों का चेहरा प्रमाणीकरण किया जा रहा है। अभी तक 80 फीसदी लाभार्थियों का सत्यापन हो चुका है, बाकी 20 फीसदी कार्य बचा है। इसमें गोवर्धन, बरसाना, फरह, सदर ब्लॉक, छाता, नौहझील और चौमुंहा क्षेत्र की कुछ ग्राम पंचायतें शामिल हैं, जिनमें कार्य धीमी गति से चल रहा है। इन क्षेत्रों में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कई बार कार्य पूरा करने के लिए नोटिस जारी किया गया। इसके बाद भी चेहरा प्रमाणीकरण कार्य ने गति नहीं पकड़ी।
सोमवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा ने 49 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कार्य में बार-बार लापरवाही बतरने पर अंतिम नोटिस जारी किया। साथ ही दो दिन के अंदर स्पष्टीकरण भी मांगा है। उन्होंने बताया कि अगर दो दिन के अंदर इन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जवाब नहीं दिया तो इनकी सेवा समाप्त होगी।