मथुरा। बदलते मौसम की वजह से बुखार का प्रकोप बढ़ा है। मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे बुखार से पीड़ित 670 मरीजों ने इलाज लिया। फिजीशियन की ओपीडी के बाहर सबसे ज्यादा मरीजों की भीड़ रही। वहीं बुखार संग अन्य बीमारियों से पीड़ित 1580 मरीजों का पंजीकरण किया गया।
अस्पताल में रक्षाबंधन त्योहार के बाद बीमार लोगों की संख्या बढ़ी है। मंगलवार सुबह आठ बजे जिला अस्पताल खुलते ही पर्चा काउंटर पर लंबी कतार लग गई। भीड़ ज्यादा होने के कारण मरीज व तीमारदारों को पंजीकरण कराने में आधे घंटे से ज्यादा समय लगा। वहीं, खून की जांच के लिए पंजीकरण कराने में भी यही स्थिति थी। चिकित्सक कक्ष के बाहर बैठे मरीज देवेंद्र, दिलीप, अनूप दुबे, पूनम, सोनम आदि ने बताया कि पर्चा बनवाए हुए तो एक घंटा हो गया, लेकिन चिकित्सक को दिखाने के लिए अभी नंबर नहीं आया है।
फिजीशियन डॉ. रवि माहेश्वरी ने बताया कि इस मौसम में वायरल संक्रमण बढ़ जाता है। बुखार ठीक होने में एक सप्ताह का समय लग रहा है। दवा लेने के बाद भी अगर एक सप्ताह तक बुखार ठीक नहीं होता है तो मलेरिया की जांच कराई जा रही है। ओपीडी में बुखार, खांसी, सर्दी के साथ बुखार, जुकाम और दस्त के 180 मरीज आए हैं। वहीं, महिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि ओपीडी में 120 मरीज पहुंचे। जिसमें 55 फीसदी बुखार, जुकाम व खांसी से पीड़ित बच्चे रहे।
बरतें ये सावधानी
सीएमओ डॉ. संजीव यादव ने बताया कि यह मौसम मच्छरों के प्रजनन का है, जिससे डेंगू और मलेरिया का खतरा अधिक हो जाता है। इस कारण सतर्कता बेहद जरूरी है। आसपास पानी जमा नहीं होने दें और कूलर व टंकियों को साफ रखें। पूरी बांह के कपड़े पहनें। मच्छरदानी का उपयोग करें। ताजा भोजन करें और शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें। तेज बुखार, बदन दर्द, आंखों में दर्द हो तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।