नौहझील। कस्बे के नौहझील-शेरगढ़ मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत मृतक की शिनाख्त कराई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। गांव वालों ने बताया कि 5 साल पहले व्यक्ति की पत्नी की भी सड़क हादसे में जान चली गई थी। अब व्यक्ति के छह बच्चे अनाथ हो गए।
घटना देर रात की है। नौहझील निवासी अलीशेर उर्फ नेता (46) किसी काम से शेरगढ़ जा रहे थे। घर से करीब 3 किलोमीटर दूर जाने पर किसी अज्ञात वाहन ने उसे रौंद डाला। हादसे में अलीशेर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति के टूटे फोन की सिम को दूसरे फोन में लगाकर परिजन को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। इसके बाद शुक्रवार दोपहर को परिजन ने वापस फोन किया तो घटना की जानकारी हुई। अलीशेर की मौत की खबर सुन परिजन में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के शव परिजन को सौंप दिया गया।
परिजन ने बताया कि करीब पांच साल पहले सड़क हादसे में अलीशेर की पत्नी जायदा की भी मौत हो गई थी। मां और पिता की मौत के बाद उनके छह बच्चे अब अनाथ हो गए हैं। अलीशेर मेहनत मजदूरी कर अपनी तीन बेटियों और तीन बेटों को पाल रहे थे। गांव वालों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चे के लिए प्रशासनिक मदद दी जाए, ताकि वे अपना जीवन यापन कर सकें। थाना पुलिस ने बताया कि अभी परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।