मथुरा। मथुरा शहर के चौबिया पाड़ा निवासी युवक की मौत के मामले में अस्पताल की कमियां सामने आ रही हैं। युवक की मृत्यु में अस्पताल प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा मांगे गए उपचार संबंधी दस्तावेज एवं सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं कराए हैं।
बीते माह माला गली चौबिया पाड़ा निवासी अरविंद कुमार चतुर्वेदी ने सीएमओ को भेजे शिकायती पत्र में अमर हेल्थ केयर हॉस्पिटल में चिकित्सा के दौरान बरती लापरवाही एवं गलत इंजेक्शन लगने से उसके सीए पुत्र अभिनव चतुर्वेदी की मृत्यु हो जाने का आरोप लगाया था। सीएमओ डॉ. एके वर्मा ने तीन सदस्यीय टीम का गठन कर जांच के आदेश दिए।
नोडल अधिकारी डॉ. भूदेव सिंह ने बताया कि अमर हेल्थ केयर के संचालक का फोन आया था। बताया कि मांगे गए दस्तावेज तैयार करवाए जा रहे हैं। डिप्टी सीएमओ डॉक्टर मुनीष पौरूष ने बताया कि शिकायतकर्ता/पीड़ित अरविंद कुमार को बयान देने के लिए कार्यालय बुलवाया गया है। इधर, सीए की मृत्यु के मामले में सीएमओ ने अमर हेल्थ केयर मामले की जांच की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। संवाद