मथुरा में एसएसपी ने दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार दरोगा की जांच महिला पुलिस अधिकारी को सौंपी है। विवेचना पूरी होने के बाद वह जल्दी ही कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल करेंगी।
दरअसल, मगोर्रा थाने में तैनात महिला दरोगा ने साथी दरोगा मोहित राणा पर दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मोहित ने शराब के नशे में उनके आवास में घुसकर पहले आपत्तिजनक वीडियो दिखाई। फिर दुष्कर्म का प्रयास किया।
मामले में पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश के बाद मगोर्रा पुलिस ने दरोगा के खिलाफ केस दर्ज किया और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ ही निलंबन की कार्रवाई भी की गई। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने मामले की जांच सीओ मांट गुंजन सिंह को सौंपी है।
एसएसपी ने बताया है कि दरोगा का यह घिनौना कृत्य है। ऐसे पुलिकर्मियों को पुलिस महकमे में जगह नहीं है। महिला की शिकायत को देखते हुए एक महिला पुलिस अधिकारी को ही जांच सौंपी है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
जेल में आरोपित दारोगा के लिए गए डीएनए सैंपल
एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन ने बताया कि आरोपित उपनिरीक्षक के शनिवार को जेल से डीएनए सैंपल कराकर लैब भेजे गए हैं। अब महिला दारोगा के न्यायालय के समक्ष 164 के बयान दर्ज कराए जाएंगे। प्रकरण की सीओ मांट ने जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।