उत्तर प्रदेश के मथुरा में ब्रज के पुरातन इतिहास और संस्कृति को सहेजकर रखने वाले राजकीय संग्रहालय में एक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित होगी। इससे एक क्लिक पर संग्रहालय में रखी सभी मूर्तियों और कलाकृतियों के बारे में टेक्स्ट या फोटो-वीडियो के रूप पूरी जानकारी मिल सकेगी।
मथुरा राजकीय संग्रहालय की पुरातात्विक संपदा देश के कई संग्रहालयों में बंट चुकी है। यहां की सामग्री लखनऊ के राज्य संग्रहालय, कोलकाता के भारतीय संग्रहालय, मुंबई और वाराणसी संग्रहालयों में भेजी गई। विदेशों में भी मुख्यत: अमेरिका के बोस्टन संग्रहालय, पेरिस और ज्युरिख के संग्रहालयों और लंदन के ब्रिटिश संग्रहालय में प्रदर्शित हैं। जबकि इसका सबसे बड़ा भाग मथुरा संग्रहालय में सुरक्षित है।
राजकीय संग्रहालय में डिजिटल लाइब्रेरी का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। शासनस्तर पर कार्यदायी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया की जा रही है। -योगेश यादव, उपनिदेशक, राजकीय संग्रहालय