११वीं रैकिंग से सीधे पहले स्थान पर जा पहुंचा धौलपुर
चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में जयपुर दूसरे और बूंदी तीसरे स्थान पर
संवाद न्यूज एजेंसी
धौलपुर। पहला सुख निरोगी काया, इसी संकल्पना को साकार करने में धौलपुर प्रशासन जुटा हुआ है। प्रयास रंग लाए, आवाम को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में धौलपुर जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। योजना में धौलपुर जिले ने लंबी छलांग लगाते हुए नवंबर माह की रैंकिंग में पूरे प्रदेश में प्रथम पायदान पर काबिज हो गया है।
जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य महकमे का जोर जिले के पात्र लोगों को शत प्रतिशत रूप से बीमा योजना का लाभ दिलाना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयंती लाल मीणा ने बताया कि जिला कलक्टर अनिल कुमार अग्रवाल के निर्देशन में महकमे द्वारा किए गए मैराथन प्रयासों से जिला गत माह प्राप्त 11वीं रैंकिंग से सीधा प्रथम स्थान पर पहुंचने में कामयाब रहा है। दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमश: जयपुर और बूंदी हैं। डॉ. मीणा ने बताया कि जिले में इस योजना में अभी तक कुल 2 लाख 42 हजार परिवार पंजीकृत हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि एक अप्रैल से अब तक 27 हजार 274 परिवार योजनान्तर्गत कैशलैस उपचार सुविधा का लाभ ले चुके हैं। योजना में पंजीकरण करवाने वाले परिवारों को 10 लाख रुपये तक का नि:शुल्क स्वास्थ्य बीमा, 5 लाख तक का दुर्घटना बीमा दिया जा रहा है। जिले में कुल 09 राजकीय एवं 03 निजी चिकित्सालय सूचीबद्ध हैं। पंजीकृत परिवारों के आयुष्मान चिरंजीवी कार्ड बनाए जा रहे हैं। कार्ड धारक राजस्थान के किसी भी सूचीबद्घ हॉस्पिटल में पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क स्वास्थ्य लाभ ले सकते हैं।