वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी के भक्त जर्जर सड़कों पर ठोकरें खा रहे हैं। प्रदेश के मंत्री और अधिकारियों के सारे वादे यहां की हालातों को नहीं सुधार सके हैं। सरकार की करोड़ों की योजनाएं बनीं और उन पर काम भी चला, लेकिन सिस्टम अब भी बदहाल है। बारिश के बाद तो सड़कों की हालत और भी बदतर हो गई है। इन्हीं टूटी सड़कों से स्थानीय लोगों के साथ बाहरी श्रद्धालु भी गुजरने को मजबूर हैं। पैदल राहगीर आए दिन चुटहिल हो रहे हैं।
दिल्ली से आए श्रद्धालु प्रदीप ने बताया कि सबसे बुरा हाल अटल्ला चुंगी से ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की ओर से जाने वाले मार्ग का है। यहां से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं है। इस मार्ग की हालत काफी समय से खस्ता है। सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। वहीं इस्कॉन रोड जगह-जगह से टूट चुकी है। गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बन रहे हैं।
वाहनों को भी इस रास्ते से निकलने में बड़ी सावधानी बरतनी पड़ती है। इस मार्ग से तेज गति से वाहन निकलने पर अक्सर चालक गिरकर घायल हो जाते हैं। अटल्ला से नगर निगम चौराहे की ओर जाने वाला मार्ग भी खस्ता हाल है। यह सभी मार्ग लोक निर्माण विभाग के हैं, फिर भी ना तो इनका नवीनीकरण हो रहा है और ना ही मरम्मत कराई जा रही है।
वृंदावन की कई सड़कों के नवीनीकरण के लिए प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- संसवीर सिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड