श्रीबांकेबिहारी के मुख्य मार्ग पर लगी श्रद्धालुओं को भीड़।
वृंदावन। मुड़िया पूर्णिमा मेले में गोवर्धन की सप्तकोसीय परिक्रमा लगाने आ रहे श्रद्धालु रविवार को बड़ी संख्या में श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे। इससे मंदिर के आसपास की गलियां श्रद्धाुओं से खचाखच भर गईं। भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षाकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। वहीं उमस भरी गर्मी के कारण श्रद्धालुओं का हाल बेहाल रहा।
सुबह से ही मंदिर की ओर जाने वाली सभी गलियों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। आराध्य के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई स्थानों पर धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही।
स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने भीड़ को संभालने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए थे लेकिन लोगों की संख्या इतनी अधिक थी कि वे नाकाफी साबित रहे। गर्मी और उमस के कारण बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी हुई। पुलिस ने व्यवस्था बनाने के लिए परिक्रमा मार्ग में ई रिक्शा के संचालन पर रोक लगा दी। इस दौरान हर ओर राधे-राधे और बांकेबिहारी लाल के जयकारे सुनाई दे रहे थे।