रक्षाबंधन पर भाइयों को राखी बांधकर पति के साथ लौट रही विवाहिता की हत्या कर दी गई है। आरोप है कि पति ने दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर मारा है। मृतका के पिता की तहरीर के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
अलीगढ़ के कृष्णापुरी थाना क्षेत्र के गांव मदिया निवासी मुकेश ने अपनी बेटी तुलसी की शादी तीन साल पहले वृंदावन के किशोरपुरा निवासी दाऊदयाल वाल्मीकि के बेटे सोनू वाल्मीकि के साथ की थी। बताया गया है कि मुकेश ने हैसियत के अनुसार शादी में रुपये खर्च किए और दहेज का पूरा सामान दिया। मुकेश का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिन बाद से ही ससुरालीजन तुलसी को और दहेज के साथ ही आल्टो कार लाने की मांग करने लगे। पति सोनू भी अक्सर मारपीट करता था।
गुरुवार को तुलसी अपने पति सोनू के साथ मदिया गई थी। यहां तुलसी ने भाइयों और पिता को ससुरालीजन और पति का व्यवहार बताते हुए ससुराल जाने से इंकार कर दिया। इस पर मुकेश ने सोनू को समझाया और बेटी को विदा कर दिया। किया।
शाम को मौसम खराब होने के कारण उन्होंने घर पहुंचकर फोन करने के लिए कहा। गुरुवार देर शाम तक बेटी और दामाद का फोन न आने पर उन्होंने फोन किया जो दोनों ही नंबर स्विच ऑफ बताए गए। इसके बाद देर रात उन्होंने सोनू के घर भी फोन लगाया। यहां पता चला कि दोनों घर नहीं पहुंचे हैं। अनहोनी की आशंका पर शुक्रवार को सुबह तुलसी के परिवारीजन वृंदावन आ गए।
इधर, शुक्रवार की सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि गांव राजपुर स्थित गुरुकुल विश्वविद्यालय के समीप खंडहर में महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने खंडहर से शव और बाहर से बाइक बरामद कर ली। महिला के गले में निशान से उसकी गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई।
तुलसी के परिवारीजन गुमशुदगी लिखाने थाने पहुंचे तो पूरा मामला खुल गया। मामले में मुकेश ने पति सोनू के साथ उसकी मां चमन, दोनों भाई सनी और आकाश के खिलाफ दहेज के लिए हत्या किए जाने की तहरीर दी है। पुलिस ने शाम को सोनू को हिरासत में भी ले लिया।
सोनू के एक अन्य महिला से अवैध संबंध की चर्चाएं भी क्षेत्र में चल रही हैं। बताया गया है कि मृतका को उसके पति के दूसरी महिला से संबंधों की जानकारी हो गई थी। वह इसका विरोध भी करती थी।