स्वाट टीम और थाना गोविंदनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार शाम दो शातिर वाहन लुटेरों को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर सात लक्जरी कारें बरामद की गई हैं। एसएसपी के अनुसार यह वाहन ग्वालियर के कांग्रेसी नेता यदुनाथ सिंह को बेचे जाने थे। इस मामले में कांग्रेसी नेता सहित चार नामजद और दो अन्य शातिर फरार हैं।
पुलिस लाइन में एसएसपी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि स्वाट टीम और गोविंदनगर थाना प्रभारी ने सूचना पर वाहन लुटेरा इमरान निवासी सोतीगंज थाना सदर बाजार मेरठ को नई टाटा सफारी सहित पकड़ लिया। यह वृंदावन होकर ग्वालियर जा रहा था इसका संबंध में गत मार्च में वृंदावन पुलिस द्वारा पकड़ी गई चोरी की गाड़ियों से है।
पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथी कमल सिंह निवासी सत्यमपुरम दौरेठा थाना शाहगंज आगरा, अजय शर्मा निवासी बलवंत नगर ठाठीपुर ग्वालियर, बंटी गुर्जर निवासी ग्वालियर, श्रीधर गुर्जर निवासी वाटर वर्क्स कालोनी धौलपुर और दो अन्य युवक थाना गोविंदनगर स्थित रामलीला मैदान में चोरी की गाड़ियां लेकर खडे़ हैं।
पुलिस ने दबिश देकर चार सफारी, एक इनोवा, एक आई-10 और एक इंडिका कार बरामद कर ली और कमल को पकड़ लिया। अन्य शातिर फरार हो गए। चोरी के वाहनों को कांग्रेस के नेता यदुनाथ सिंह तोमर निवासी ए-5 सिटी सेंटर ग्वालियर को बेचा जाना था।
एसएसपी ने बताया कि मार्च माह में इन लोगों से 16 वाहन बरामद किए गए थे। यह लोग चोरी की गाड़ियों को फर्जी कागज तैयार कर नेपाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुड़गांव आदि प्रदेशों में बेच देते हैं। एसएसपी ने कार्रवाई करने वाली टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।