कोतवाली पुलिस ने दो बाइक चोरों को दबोच लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 10 चोरी की गई बाइक और दो तमंचे व कारतूस बरामद किए हैं।
मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने धौलीप्याऊ इलाके में रेलवे क्रॉसिंग के निकट से दो युवकों को वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा था। तलाशी में दोनों के पास से दो तमंचा और चार कारतूस बरामद किए। बाइक के कागजात मांगे तो वे नहीं दिखा सके।
दोनों युवक थाना यमुनापार के गांव सिहोरा निवासी युवक महेश और नागेश निवासी थोक पंछावा से पुलिस ने थाने पर पूछताछ की। इसमें दोनों ने बताया कि अब तक 25 से अधिक बाइक चोरी कर पांच से आठ हजार रुपये में बेची हैं। इसमें ज्यादातर बाइक नौहझील और राया के गांवों में बेची गई।
पुलिस ने दबिश देकर चोरी की 10 बाइक बरामद कीं। युवकों से चोरी में प्रयोग होने वाला सामान भी बरामद किया है। बरामद दो बाइक एक सप्ताह पूर्व कोतवाली क्षेत्र से चुराई थी। एसएसपी डा. राकेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक शातिर वाहन चोर हैं। इसमें एक थाना राया और दूसरा थाना हाईवे से वाहन चोरी में जेल जा चुका है। पुलिस टीम को पांच हजार ईनाम दिया है।