मथुरा-वृंदावन मार्ग पर बुधवार शाम टेंपो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लोगों का कहना था कि युवक के सिर में अधिक चोट आई, यदि हेलमेट लगाए होता तो जान बच सकती थी।
गांव आट्स निवासी कार्तिक (22) पुत्र मुकेश अपने मित्र जुगल किशोर पुत्र श्याम लाल निवासी दावानल कुंड और सोनू पुत्र हनीफ निवासी मथुरा दरवाजा के साथ बुधवार शाम बाइक से मथुरा गए थे। बाइक कार्तिक चला रहे थे। पीएमवी पालीटेक्निक के समीप वृंदावन की ओर से आते टेंपो से उनकी बाइक टकरा गई।
हादसे में कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जुगल किशोर और सोनू घायल हो गए। इधर, चालक टेंपो भगा ले गया। तीनों युवक रमणरेती मार्ग पर स्थित बाइक मैकेनिक शेरू की दुकान पर काम करते थे। बुधवार साप्ताहिक अवकाश के कारण मथुरा गए थे।