थाना हाईवे क्षेत्र के नटवर नगर में एक विवाहिता की मौत के बाद सूचना पर पहुंचे उसके मायके वालों ने ससुरालीजनों पर दहेज की खातिर हत्या का आरोप लगाया है। महिला के पैर जले हुए और शरीर नीला पड़ गया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मृतका के सास-ससुर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। उसका पति मौके का फायदा उठाकर भाग गया।
हाथरस रोड, आगरा निवासी रामप्रकाश ने वर्ष 2011 में अपनी पुत्री ज्योत्सना का विवाह नटवर नगर निवासी उदयवीर सिंह के पुत्र सुमित से की थी। उन्होंने बताया कि विवाह के बाद से दहेज की मांग की जा रही थी। समय-समय पर मांग पूरी भी की, लेकिन ससुरालीजनों ने मांग नहीं छोड़ी।
मंगलवार सुबह 5:30 बजे फोन पर उनके समधी ने जहर खाकर ज्योत्सना की मौत की खबर दी। उन्होंने बताया कि पुत्री के शव को देखकर लग रहा है कि उसको प्रताड़ित और मारपीट कर मौत के घाट उतारा गया है।
मृतका के पिता रामप्रकाश ने ससुरालीजनों के खिलाफ थाना हाईवे में दहेज हत्या का मुकद्दमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका केे पैर जले हुए थे। उसकी मौत करंट से हुई प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवाहिता के ससुर, सास, ननद, जेठ और जेठानी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पति की तलाश में दबिश दी जा रही है।