थाना जमुनापार के सुखदेव नगर में रुपये के लेन-देन के विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान सिर में लाठी लगने से अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची इससे पहले आरोपी फरार हो गए।
सुखदेव नगर के लक्ष्मण (50) का रविवार को पड़ोसी ब्रजपाल से रुपये के लेन-देन पर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। इसी बीच एक डंडा लक्ष्मण के सिर में लगा। लहूलुहान हालत में उन्हें परिवारीजन अस्पताल लेकर जा रहे थे कि तब तक उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची जमुनापार पुलिस से पहले ही आरोपी भाग गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आरोपियों को पकड़ने को दबिश दी। इस मामले में मृतक के पुत्र विनोद ने ब्रजपाल और उनके पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।