थाना रिफाइनरी क्षेत्र में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने कैंटर लूट लिया और चालक को नगला थाना महावन में फेंक कर भाग गए। चालक के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पथराव कर रोकना चाहा तो ग्रामीणों की बुग्गियों को टक्कर मारते हुए लुटेरे गाड़ी भगा ले गए।
आगरा के जीवनी मंडी क्षेत्र की जय श्रीराम ट्रांसपोर्ट कंपनी के कैंटर पर चालक आगरा के गोबर चौकी ताजगंज निवासी चालक राजकुमार मथुरा से सोमवार शाम सात बजे टेंट का सामान लेने गए थे।
जब वे रिफाइनरी थाना क्षेत्र में टाउनशिप के निकट से गुजर रहे थे तभी स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने गाड़ी रुकवा ली और कैंटर लूटकर उन्हें गाड़ी में डाल दिया।
इसके बाद लुटेरे थाना महावन क्षेत्र के गांव नगला थाना के निकट राजकुमार को फेंक गए। राजकुमार ने शोर मचाया तो ग्रामीणों ने आगे बुग्गी अड़ा दी और कैंटर पर पथराव किया, लेकिन लुटेरे कैंटर लेकर भाग गए। ग्रामीणों और राजकुमार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, लेकिन बदमाश भाग जाने में सफल रहे।