थाना महावन क्षेत्र में गांव कारब के निकट बोलेरो सवार लुटेरों ने बच्चू सिंह से ट्रैक्टर ट्रॉली लूट ली गए। गांव अकोस नगला सहतू निवासी बच्चू सिंह सुरीर से ईंट लेकर लौट रहा था।
रविवार की रात एक बजे थाना महावन क्षेत्र में राया-बलदेव रोड स्थित गांव कारब के निकट कोल्ड स्टोरेज के पास बोलेरो सवार बदमाशों ने ट्रैक्टर रुकवा लिया। बच्चू सिंह की पिटाई की। आगे चलकर सड़क किनारे कांटों में उसे बांधकर डाल दिया और ट्रैक्टर लूट ले गए। सुबह राहगीरों ने बच्चू सिंह को मुक्त किया। सीओ महावन अजय कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। बच्चू ने ट्रैक्टर लूट की तहरीर दी है।
दो कारों के शीशे तोड़ एक लाख चोरी
थाना कोतवाली और गोविंद नगर क्षेत्र में दो कारों के शीशे तोड़कर करीब एक लाख की नकदी चोरी कर ली गई।
पहली घटना राधापुरम कालोनी निवासी केके शर्मा के साथ हुई। पीडब्ल्यूडी में ठेकेदार केके शर्मा सोमवार की सुबह 11 बजे कार से स्टेट बैंक मुख्य शाखा गए। कार होटल ब्रजवासी रॉयल के निकट खड़ी कर बैंक से 50 हजार रुपये निकाले। रुपये उन्होंने कार में रख दिए। इसके बाद कुछ काम याद आने पर फिर से बैंक गए। वापस लौटकर देखा तो कार का शीशा टूटा मिला और कार से नकदी, स्टांप पेपर व अन्य कागजात गायब थे। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
दूसरी घटना दोपहर दो बजे गोविंद नगर क्षेत्र में हुई। थाना हाईवे की बालाजीपुरम कालोनी निवासी संदीप गर्ग दोपहर को कार से वृंदावन रोड स्थित शंकर स्टील पर कुछ सामान खरीदने गए थे। वे दुकान पर सामान का मोलभाव कर रहे थे। इसी दौरान उनकी कार का शीशा तोड़कर 50 हजार की नकदी, रजिस्टर और कुछ अन्य कागजात पार कर लिए गए।
सिपाही से हुई चार लाख लूट का खुलासा नहीं
कोतवाली क्षेत्र में 22 अप्रैल को आगरा पुलिस लाइन में तैनात सिपाही विजय सिंह पर गंदगी लगाकर चार लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा है। एसपी सिटी शैलेश पांडेय ने बताया कि स्टेट बैंक और गोविंद नगर में कार का शीशा तोड़कर नकदी पार करने वाली घटनाओं का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। सिपाही से हुई लूट में अहम सुराग मिले हैं।