कस्बे के गांधीनगर मोहल्ला स्थित कांशीराम कालोनी में सोमवार की सुबह युवक आग का गोला बन गया। पत्नी से विवाद करने के बाद उसने खुद के ऊपर मिट्टी का तेल आग लगा ली। घर के भीतर से धुएं के गुबार के साथ चीख सुन आस-पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह युवक को आग से बचाते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने युवक की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद इलाहाबाद एसआरएन रेफर कर दिया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले का रहने वाला मुन्नालाल (25) पुत्र देशराज परिवार के साथ कांशीराम कालोनी में रहता है। बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह मामूली बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। तीखी झड़प के बाद पत्नी आवास के बाहर चली आई। इसी दौरान युवक कमरे में पहुंचा और खुद के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। घर के भीतर से लपटों के साथ धुंए का गुबार और चीख सुन परिजनों के साथ आस-पास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे।
युवक को आग का गोला बना देख लोग सन्न रह गए। किसी तरह युवक को आग के चंगुल से बचाते हुए लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने युवक की हालत नाजुक देख इलाहाबाद एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ इसे लेकर कालोनी में चर्चाओं का बाजार गर्म है। युवक के इस आत्मघाती कदम से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है।