कड़ाई के दावों के विपरीत पुलिस की शह पर खनन बदस्तूर जारी है। बालू खनन में जो लोग या वाहन पकड़े भी जाते हैं उन पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती। 13 जुलाई को सुरीर पुलिस द्वारा बालू खनन करते पकड़े गए ट्रैक्टर ट्रॉली को छोड़ दिया गया। शिकायत पर एसपी देहात ने मामले की जांच सीओ से कराने के आदेश किए हैं।
13 जुलाई को यमुना से खनन कर बालू लेकर जातीं दो ट्रैक्टर ट्रॉली को दरोगा जाकिर अली ने पकड़ा था। अगले दिन दोनों ट्रैक्टर ट्रॉली को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया। सुरीर निवासी अवधेश ने सुरीर कोतवाली में खड़े बालू भरी इन ट्रैक्टर ट्रॉली के फोटो खींचे थे।
उन्होंने एसपी देहात अजय कुमार से इस संबंध में शिकायत की और उनको ट्रैक्टर ट्राली के फोटो भी दिए। एसपी देहात ने सुरीर कोतवाली प्रभारी ललित त्यागी को फोन कर जानकारी मांगी तो उन्होंने किसी ट्रैक्टर ट्रॉली के पकड़े जाने की जानकारी होने से इनकार किया। एसपी देहात ने मामले की जांच सीओ मांट से कराने के आदेश दिए हैं। सीओ मांट से इस पर दो दिन में रिपोर्ट देने को कहा है।
ट्रैक्टर-ट्राली के फोटो पुराने: त्यागी
सुरीर कोतवाली प्रभारी एलके त्यागी का कहना है कि जो फोटो दिखाए गए हैं वह ट्रैक्टर ट्रॉली पूर्व में पकड़ी गई थी। लेकिन वह ये जवाब नहीं दे पाए कि पूर्व में पकड़ी गई इन ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर क्या कार्रवाई की गई। उनको सीज या अन्य कार्रवाई के नाम पर वह चुप्पी साध गए।