चार धाम की यात्रा पर निकले कारोबारी और उसके परिवार से बदमाश 1.95 लाख के जेवरात और सवा लाख की नकदी लूट ले गए। बदमाशों ने महिलाओं से मारपीट भी की। लूट की ये वारदात बाजना-गौमत मार्ग पर रविवार की रात को करीब साढ़े ग्यारह बजे की बताई जा
रही है। बाजना के बड़ा बाजार निवासी मुकेश कुमार उर्फ मोनू आढ़ती हैं। रविवार की रात को करीब 11 बजे मुकेश कुमार अपने परिवार के साथ चार धाम की यात्रा के लिए निकले थे। स्कार्पियो सवार ये परिवार बाजना से चार किलोमीटर दूर बाजना-गौमत मार्ग पर ओंकार सिंह
महाविद्यालय के करीब पहुंचा था कि पीछे से आए टाटा-407 सवार लोगों ने ओवरटेक कर उनका रास्ता रोक दिया। 18 बदमाशों ने जबरन सभी को गाड़ी से बाहर निकाला और मारपीट शुरू कर दी। चारों महिलाओं से जेवरात उतरवा लिए। विरोध पर उनको पीटा। बताया गया कि
जेवर करीब 1.95 लाख रुपये के थे। कारोबारी से सवा लाख का कैश भी छीन लिया। 15 मिनट लूटपाट के बाद बदमाश बाजना रोड की तरफ भाग गए। मुकेश कुमार ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद नौहझील पुलिस पहुंची। मुकेश की तहरीर पर थाना नौहझील में लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नहीं पहुंची यूपी-100 की मोबाइल
नौहझील (ब्यूरो)। घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर यूपी-100 की मोबाइल खड़ी थी। कंट्रोल रूम को लूट की सूचना के बाद भी मोबाइल का न पहुंचना सवाल खड़े कर रहा है। यूपी-100 की मोबाइल के बारे में पहले भी शिकायतें रही हैं। चाहे एक्सप्रेसवे पर हुई लूट की वारदात हो या फिर हाईवे पर होने वाली घटना, यूपी-100 मोबाइल मौके पर नहीं पहुंचती।
शक में पकड़ी टाटा 407, छोड़ी
नौहझील (ब्यूरो)। घटनास्थल पर एक घंटे की देरी से पहुंची नौहझील पुलिस सोमवार की सुबह हरकत में आई। नौहझील के कार्यवाहक थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने सुबह सात बजे बाजना से एक टाटा-407 को शक के आधार पर पकड़ा, हालांकि कुछ ही देर बाद उसे छोड़ना पड़ा। बताया जाता है कि टाटा-407 के चालक ने पुलिस को अपने सुबूत दिखा दिए।
लूट की वारदात का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
-अरुण कुमार सिंह, एसपी देहात