थाना कोतवाली के अंतर्गत इस्कान मंदिर के समीप गेस्ट हाउस में रह रहे विदेशी का शव होटल के कमरे में मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और एलआईयू ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बताया गया है कि कजाकिस्तान निवासी ब्रिजाहन यूमूरजोकोव (50) कजाकिस्तान से टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे। रविावार शाम को मायापुर से वृंदावन पहुंचे। यहां वे रमणरेती क्षेत्र के इस्कान मंदिर के समीप स्थित निकुंज गेस्ट हाउस के कमरा नंबर एक में रुके। सोमवार को सुबह गेस्ट हाउस के कर्मचारी सीताराम उनके कमरे में सफाई के लिए गए।
ताराम के दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो वह लौटकर चले आए। लगभग एक घंटे के बाद दोबारा सीताराम कमरे की सफाई के लिए गए और दरवाजा खटखटाया। इसके बाद भी कमरे से कोई आवाज न आने पर उन्होंने मैनेजर एके अवस्थी को जानकारी दी।
मैनेजर के दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कमरे से आवाज नहीं आई तो उन्हें शंका हुई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अंदर से बंद दरवाजे को खोला। पुलिस के अनुसार ब्रिजाहन का शव कमरे के बेड के बराबर जमीन पर उल्टा पड़ा था। कुछ ही देर में एलआईयू के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और कजाकिस्तान दूतावास में सूचना दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार ब्रिजाहन रविवार शाम को मायापुर से वृंदावन आए थे और सोमवार को मायापुर जाना था। उनका वीजा 24 मई तक अधिकृत है। बताया गया है कि विदेशी का वृंदावन के किसी व्यापारी से लेनदेन भी चल रहा था और रकम लेकर उन्हें मायापुर जाना था।