बरसाना के प्रिया कुंड इलाके में बने राधाबल्लभ मंदिर और ब्रह्मचारी आश्रम को फर्जी कागजातों के आधार पर कब्जाने का प्रयास किया गया। इसके लिए कुछ लोगों ने छाता के रजिस्ट्री कार्यालय से फर्जी वसीयत आदि बनाकर प्रस्तुत की। इस मामले में शनिवार शाम को छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बरसाना थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में प्रियाकुंड के ब्रह्मचारी आश्रम निवासी साध्वी गौरी ने बताया है कि प्रियाकुंड स्थित आसपास की जमीन पर ब्रह्मचारी आश्रम है।
उसी में ठाकुर राधाबल्लभ का मंदिर है। आरोप है कि अखंड ज्योति आश्रम भानु प्रताप कांकेर छत्तीसगढ़ निवासी बिहारीदास, बरसाना के ठाकुर दास मोहल्ला निवासी राधारानी, जाटव मोहल्ला बरसाना निवासी होमगार्ड ब्रजेंद्र सिंह, रैवाडी महेंद्रगढ़ निवासी ठाकुर दास, नरसिंग मंदिर बरसाना निवासी अनुभव कृष्ण की शिष्या और जाटव मोहल्ला निवासी दिनेश कुमार दास ने वर्ष 2003 की फर्जी वसीयत प्रस्तुत की। इसमें खुद को उसका मालिक बताया।
पूर्व में लाड़ली मंदिर कब्जाने का कर चुके हैं प्रयास
मथुरा। राधाबल्लभ मंदिर और ब्रह्मचारी आश्रम पर खुद का मालिकाना हक जताने वालों में शामिल बरसाना निवासी दिनेश दास, ब्रजेंद्र सिंह सहित छह लोगों ने छाता रजिस्ट्री कार्यालय का फर्जी आदेश बनाकर जुलाई माह 2015 में लाड़ली मंदिर पर कब्जे का प्रयास किया था।
इसमें 700 करोड़ रुपये की संपत्ति का उसने वारिस बताया था। पुलिस ने दिनेश दास, ब्रजेंद्र सिंह सहित छह लोगों को जेल भेजा था। एक माह पूर्व ही वह लोग जेल से छूट कर आए हैं।