अवकाश वाले दिन जिम न खोलना स्पोर्ट्स स्टेडियम के ग्राउंड्समैन को भारी पड़ गया। स्टेडियम के निकट रहने वाले एक पुलिसकर्मी के पुत्र ने रौब दिखाते हुए जबरन जिम खुलवाने का प्रयास किया। ग्राउंड्समैन के विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। कमरे में बंद कर उसके हाथ में ईंट मारकर हड्डी तोड़ने का आरोप है। संविदाकर्मी ने एसएसपी से शिकायत की है।
थाना हाईवे अंतर्गत अमर कालोनी निवासी पातीराम पुत्र बलराम स्व. मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में संविदा पर ग्राउंड्समैन पद पर कार्यरत हैं। पातीराम का आरोप है कि 10 अप्रैल को अवकाश होने के चलते स्टेडियम की जिम बंद थी। पास में स्थित पुलिस कालोनी गणेशरा निवासी एक पुलिसकर्मी के बेटे ने जबरिया जिम खोलने के लिए कहा।
जिम खोलने से मना किया तो उसने गाली-गलौज करते हुए लात घूंसों से मारा। पातीराम ने कमरे में घुसकर खुद को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी युवक ने कमरे में जाकर उसके ईंट मार दी। इससे उनके हाथ की हड्डी टूट गई।