फर्जी मतदान के आरोप में शनिवार को रालोद और कांग्रेस समर्थकों के बीच हुई कहासुनी का मामला रविवार को और बढ़ गया। रविवार की सुबह गांव आजनौंठ में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे चले। दो लोग घायल हैं। वहीं नावली में महिलाओं में हुई कहासुनी के चलते दो पक्ष भिड़ गए।
रालोद प्रत्याशी योगेश नौहवार के समर्थक सत्येंद्र प्रधान और कांग्रेस प्रत्याशी जगदीश नौहवार के समर्थक मनवीर सिंह के बीच शनिवार को मतदान केंद्र पर कहासुनी हो गई थी। तब वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था। रविवार की सुबह 7:15 बजे गांव में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। मारपीट में सत्येंद्र प्रधान और उनके भतीजे अजय को चोटें आईं। मामले में ग्राम प्रधान की ओर से थाना नौहझील में तहरीर दी गई है।
उधर गांव नावली में रविवार दोपहर 12:25 बजे गौरव पुत्र राम सिंह अपने नौहरे पर बुग्गी निकालकर ले जा रहा था। रास्ते में किसी बात पर लोकेंद्र की पत्नी से कहासुनी हो गई। इस पर लोकेंद्र के पिता पूरन और भाई मोनू ने गौरव की पिटाई कर दी। गौरव के सिर में भी चोट लगी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झगडे़ को शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक थाना नौहझील राघवेंद्र सिंह ने बताया कि आजनौंठ और नावली में झगड़ा करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।