परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर की शनाख्त
- फोटो : अमर उजाला
पांच दिन पहले गोविंदनगर के एफ सेक्टर में लूटपाट को घुसे होंडा सिटी सवार अपने ही साथियों की गोली से मारा गया बदमाश गाजियाबाद के मोदीनगर का हिस्ट्रीशीटर फकरुद्दीन था। उस पर गाजियाबाद, दिल्ली और फरीदाबाद में हत्या, लूट और चोरी के 17 मुकदमे दर्ज हैं।
थाना गोविंदनगर के एफ सेक्टर में रिटायर्ड संप्रेक्षण अधिकारी बीडी गुप्ता के घर में घुसे होंडा सिटी कार सवारों बदमाशों ने डेढ़ लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लूटपाट के समय ही अपने साथी की गोली से एक बदमाश ढेर हो गया था। सोमवार को बदमाश की शनाख्त गाजियाबाद के सीकरी खुर्द मोदीनगर निवासी उसके भाई नईम ने पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर की।
थाना गोविंदनगर प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश भदौरिया ने बताया कि मारा गया बदमाश गाजियाबाद के मोदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर फकरुद्दीन था। उस पर हत्या, लूट और चोरी के 10 मामले मोदीनगर में दर्ज हैं। इसके अलावा सात मामले फरीदाबाद और दिल्ली में भी दर्ज हैं। उसके भाई नईम का कहना है कि उसका परिवार से करीब 15 सालों से कोई लेनादेना नहीं है। उसके तीन बेटियां हैं। वह कार का ड्राइवर था।
बदमाशों की छोड़ी गई बरामद पिस्टल बिहार के मुंगेर की निकली है। जनवरी में स्वाट टीम प्रभारी हरीशवर्धन सिंह ने हथियारों का जखीरा पकड़ा था। यह हथियार भी मुंगेर के थे।
जल्द ही लूट का खुलासा कर लिया जाएगा। मारा गया बदमाश अकेला नहीं, बल्कि पूरे 18 बदमाशों का गैंग है।
- जगदीश सिंह, सीओ सिटी