थाना नौहझील के गांव बिरजूगढ़ी में वोट डालने के बाद मतदान केंद्र के पास खड़े मरहला के युवक की बिरजूगढ़ी निवासी हिस्ट्रीशीटर के बेटे ने पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस की ओर से हिस्ट्रीशीटर और उसके बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मंगलवार को सुबह 10 बजे गांव बिरजूगढ़ी में बिरजूगढ़ी और निकटवर्ती गांव मरहला के वोट डाले जा रहे थे। गांव मरहला निवासी राजू पुत्र रमेश चंद्र अपना वोट डालकर मतदान केंद्र के बाहर खड़ा था। तभी वहां पहले से खड़े हिस्ट्रीशीटर और पूर्व प्रधान समय सिंह के पुत्र ललित ने उसे टोका और राजू पर पहलवान बुलाकर दबंगई का आरोप लगाया। इसे लेकर दोनों में मतदान केंद्र के बाहर मारपीट होने लगी।
आरोप है कि ललित सिंह और समय सिंह ने राजू की पिटाई कर दी और सिर फोड़ दिया। मतदान केंद्र के बाहर हुई घटना के चलते करीब 40 मिनट तक मतदान प्रक्रिया रुकी रही। सूचना पर एसपी देहात अजय कुमार फोर्स के साथ बिरजूगढ़ी पहुंच और राजू को नौहझील स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
पुलिस को आते देख हिस्ट्रीशीटर, उसका पुत्र और सहयोगी भाग गए। एसपी देहात ने मतदान प्रक्रिया शुरू कराई। मामले में पुलिस की ओर से समय सिंह और उसके बेटे ललित सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
‘बिरजूगढ़ी में हिस्ट्रीशीटर के बेटे ललित सिंह ने साथियों के साथ राजू नाम के वोटर की पिटाई कर सिर फोड़ दिया था। इससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। हिस्ट्रीशीटर समय सिंह ने मतदान केंद्र पर दबंगई की। इसमें समय सिंह और ललित सिंह के खिलाफ पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है।’
अजय कुमार
एसपी देहात