पद्मश्री स्वर्गीय हरगोविंद महाराज के पुत्र रासाचार्य स्वामी अवधेश शर्मा ने वृंदावन पालिकाध्यक्ष और उनके सहयोगी पर स्कूल का निर्माण कार्य रुकवाते हुए 25 लाख रुपये की चौथ मांगने, धमकी देने का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इधर, पालिकाध्यक्ष ने रासाचार्य पर घर में घुसकर गाली गलौज करते, धमकी देने का आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रासचार्य स्वामी अवधेश शर्मा का आरोप है कि उनकी पत्नी मीरा शर्मा नगर पालिका की भूमि पर बने मां श्याम बाल शिक्षण संस्थान विद्यालय का संचालन 1972 से कर रही हैं। यह भूमि पालिका द्वारा एक अनुबंध के तहत दी गई थी। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए कुछ हिस्से में निर्माण कार्य कराया जा रहा था जिसे पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम ने यह कहते हुए रुकवा दिया है कि नव निर्माण से पहले मुझे 25 लाख रुपये दो। पालिकाध्यक्ष के सहयोगी सुनील निषाद पर धमकाने का आरोप है।
बात न मानने पर गत दिनों पालिका प्रशासन ने गोविंद विहार आश्रम पर गंदगी फैलाने का आरोप लगाते हुए 50,000 रुपये का जुर्माना लगा दिया। इस संबंध में वह, उनकी पत्नी और बेटा पालिकाध्यक्ष के श्याम वाटिका स्थित आवास पर वार्ता करने पहुंचे तो पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम ने उनके और बेटे के साथ गाली गलौज, मारपीट की, पत्नी मीरा के साथ भी अभद्रता और अश्लील हरकत की, जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम और सुनील निषाद पर चौथ वसूली के साथ साथ गाली गलौज और जान से करने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इधर, पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम की ओर से भी अवधेश शर्मा, उनकी पत्नी मीरा और अनुज गोविंद के खिलाफ घर में घुसकर गाली गलौज करने का आरोप लगाते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम की तहरीर पर पुलिस ने गुरुवार शाम मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पालिकाध्यक्ष के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं।