बरसाना (मथुरा)। बरसाना पुलिस ने गांव हाथिया के जंगल में अवैध असलहा बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। वहां से बड़ी मात्रा में तमंचे, बंदूक, कारतूस व उपकरण बरामद किए हैं। इस दौरान दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात थाना प्रभारी निरीक्षक आजाद पाल सिंह को सूचना मिली कि हाथिया से महरौली रोड पर डीग वाले रजबहा के निकट अवैध असलहा बनाने की फैक्टरी चल रही है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इरशाद पुत्र रहीम खान एवं सहजाद पुत्र आसू निवासी हाथिया को गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान पुलिस ने पांच तमंचे 315 बोर, दो बंदूक 315 बोर, पांच कारतूस, छह अधबनी बंदूक, शस्त्र बनाने के उपकरण एवं मशीन बरामद की है। थाना प्रभारी निरीक्षक आजाद पाल ने बताया कि शातिर आरोपी पूर्व में भी अन्य केस में जेल जा चुके हैं। उन पर आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक आजाद पाल सिंह, एसआई अर्जुन राठी, कांस्टेबल गजेंद्र सिंह, रवि, युवराज शामिल थे।