फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: सीएम से छिपाने के लिए ढक दिए नाकामी के दाग

विज्ञापन
विज्ञापन
- मरम्मत के नाम पर आनन फानन गड्ढों में भर दिया कंक्रीट और डामर
विज्ञापन

- गिट्टी डालकर समतल नहीं किया और न ही बाद में
- आनन-फानन लीपापोती कर महज पैसों की बर्बादी की
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। सीएम के आगमन के मद्देनजर सरकारी मशीनरी ने अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए महीनों से टूटी सड़कों को रातोंरात डामर और कंक्रीट से भर दिया है, न तो पहले गिट्टी डालकर समतल किया गया और न ही बाद में। अब ये सड़कें ऊबड़ खाबड़ दिख रही हैं। इन पर वैसे ही चला जा सकता है, जैसे टूटी सड़क पर चला जा रहा था।
दरअसल शहर में विभागों का तालमेल नहीं होने से हर इलाके में सड़कें खुदी हैं। इन्हें दुरुस्त करने की सुध किसी ने नहीं ली। संबंधित क्षेत्र के लोग शिकायत कर-कर थक चुके हैं, लेकिन न तो जिम्मेदार निर्माण एजेंसी जल निगम संज्ञान ले रहा है और न ठेकेदार। सीवर और पेयजल के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइनों के लिए करोड़ों रुपये से बनी सड़कों को खोद दिया गया। कहीं सीसी रोड काटी गई हैं तो कहीं डामर की सड़क को खोद दिया गया है। टाइल्स की रोड अधिकांश स्थानों पर बदहाल स्थिति में हैं। हालांकि निर्माण एजेंसी ने इन कार्यों के लिए प्राप्त टेंडर में सड़कों को यथासंभव पूर्व स्थिति जैसी मरम्मत करने की कीमत भी प्राप्त की है, लेकिन तय मानकों के तहत नहीं की जा रही है। विकास बाजार से भगत सिंह पार्क तक बनाई गई सड़क को पेयजल पाइपलाइन के लिए पिछले माह खोदा गया, लेकिन मरम्मत के नाम पर टाइल्स को आड़ा तिरछा बिछा दिया गया है। कहीं ऊंची तो कहीं नीची टाइल्स लगा दी गई है। इससे दुकानदार परेशान हैं। किशोरी रमण डिग्री काॅलेज के निकट सीसी रोड की मरम्मत भी खानापूर्ति को जाहिर कर रही है। डेंपियरनगर की स्थिति भी यही है। अहिल्याबाई होल्कर पार्क के पास टाइल्स अब तक नहीं लगाई है।
विज्ञापन

कृष्णानगर से जन्मभूमि तक खानापूर्ति
कृष्णानगर से भूतेश्वर तिराहे तक खुदी सड़क पर डामर और कंक्रीट डालकर खानापूर्ति कर दी गई है। एक तरफ अभी कुछ हिस्सा पहले जैसा ही पड़ा है और बाकी हिस्से पर डामर बिछाया गया है। अब यह ऊबड़ खाबड़ बनी है क्योंकि गिट्टी डालकर जमाया नहीं गया और न ही समतल किया गया। इस हिस्से पर वाहन पहले जैसे ही हिचकोले खाते चल रहे हैं। भूतेश्वर अंडरपास से जन्मभूमि तक टूटी सड़क के गड्ढों को भी कुछ इसी तरह भर दिया गया है।
इन सड़कों की भी सुध ले लेते
सीएम का काफिला जहां से गुजरने की संभावना थी वहां तो खानापूर्ति कर दी गई, लेकिन शहर के बाहरी हिस्सों और अंदरूनी मोहल्लों में पहले जैसे ही हालात हैं। नरहौली थाने से धौली प्याऊ रोड पर जगह-जगह सड़क टूटी है। दयालु अस्पताल के आगे तो बुरे हालात हैं। इससे आगे भी रेलवे फाटक तक गड्ढे राहगीरों के सिरदर्द बने हैं। स्थानीय निवासी अवदीप कुमार ने बताया कि भैंस बोहरा मैन रोड, अमरनाथ स्कूल रोड और शहर कोतवाली के सामनेे सड़कें वैसी ही हैं, जैसे पहले थी। होलीगेट से जन्मभूमि की ओर जाने वाली रोड एक-दो जगह अधूरी ही पड़ी है।
-
अधिकारी लोगों की समस्या को समझने के लिए तैयार नहीं हैं। विकास बाजार के आसपास पाइपलाइन बिछाने के लिए नई सड़क खोदी गई। अब उसकी मरम्मत देख लीजिए, पूरी सड़क को खराब कर दिया गया है। इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। -कमल चंदानी
विज्ञापन


जुबली पार्क स्थित मल्टी स्टोरी पार्किंग के लिए सड़क बनी तो लगा कि इसका लाभ विकास बाजार आने वाले ग्राहकों को भी मिलेगा। लेकिन निर्माण के चंद माह बाद ही सड़क को तोड़ दिया गया। अब जो मरम्मत की है उसमें टाइल्स उल्टी सीधी लगा दी गई हैं। इससे दुकानदार और ग्राहक दोनों परेशान हैं। - मुकेश अग्रवाल

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें