मथुरा। सर्दी की दस्तक ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने को मजबूर कर दिया है। दिन और रात के तापमान में अंतर होने के कारण जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार, खांसी, जुकाम के मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। खांसी भी एक सप्ताह तक ठीक नहीं हो रही है। बुखार तीन से चार दिन में ठीक हो रहा है।
दिन में धूप के चलते मौसम सामान्य रहता है। शाम को तापमान गिर जाता है। इस कारण लोग मौसमी बीमारियों से ग्रसित होकर अस्पताल में इलाज कराने के लिए पहुंच रहे हैं। इस समय जिला चिकित्सालय में खांसी-जुकाम और बुखार के साथ जोड़ों के दर्द के मरीज भी पहुंच रहे हैं। बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया है।
ठंडक और गर्माहट के मिश्रित प्रभाव से गले में दर्द, थकान अस्थमा और हृदय संबंधी समस्याओं को लेकर भी मरीज आ रहे हैं। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. रवि माहेश्वरी ने बताया कि ओपीडी में सर्दी के साथ आने वाले बुखार के मरीज बढ़े हैं। मरीजों को खानपान में एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।