मथुरा। सीएम ग्रिड योजना के तहत के शहर के व्यस्ततम मार्गाें को हेरिटेज लुक में संवारा जाएगा। इसमें होली गेट से पुराने बस स्टैंड, भरतपुर गेट से कृष्णापुरी तिराहा और मसानी से भूतेश्वर तिराहे तक शामिल है। तीनों मार्गाें पर आरसीसी निर्माण, फुटपाथों पर दोनों ओर फूलों के गमले, विद्युत पोलों पर रंग-बिरंगी लाइटें समेत सौंदर्यीकरण के अन्य कार्य होंगे। इसमें करीब 50 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
प्रस्तावित योजना पर शासन से मंजूरी मिल गई है। इसमें होली गेट से पुराने बस स्टैंड तक कार्य भी शुरू हो गया। नगर निगम की टीम ने जर्जर मार्गों को उखाड़ने शुरू कर दिया है। ताकि नवनिर्माण बेहतर हो सके। मुख्य रूप से सड़क का नवनिर्माण कराया जाएगा। फुटपाथों पर सुगंधित फूलों के गमले राहगीरों को एक खुशनुमा अहसास देंगे और वातावरण को शुद्ध करेंगे। सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण को हटाकर, इन्हें साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित किया जाएगा, जिससे यातायात और पैदल चलने वालों के लिए सुविधा होगी। यूटिलिटी डक्ट, ग्रीन जोन, सोलर आधारित स्ट्रीट लाइटें, पैदल यात्रियों की सुविधा आदि को भी बेहतर बनाया जाएगा।
हेरिटेज लुक में तैयार होने वाली ये सड़कें न केवल स्थानीय निवासियों के लिए बल्कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी अच्छा अनुभव कराएंगी। मुख्य अभियंता संजय चौहान ने बताया कि तीनों मार्गों के निर्माण की शासन से मंजूरी मिल गई है। इसमें होली गेट से पुराने बस स्टैंड तक कार्य शुरू हो गया है। बाकी दोनों मार्गाें के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। जल्दी ही कार्य शुरू कराया जाएगा।