वृंदावन। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस व आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत विधिक साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जनपद न्यायालय द्वारा हनुमान प्रसाद धानुका सरस्वती बालिका विद्या मंदिर प्रांगण में मनाया गया। हरविंदर सिंह अपर जिला न्यायाधीश, देवकांत शुक्ला अपर जिला न्यायाधीश, राकेश सिंह मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सोनिका वर्मा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जवाहरलाल श्रीवास्तव नगर मजिस्ट्रेट, राजेंद्र सिंह डीआईओएस, राममोहन शर्मा क्षेत्राधिकारी सदर आदि ने बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बालिकाओं को शत-प्रतिशत साक्षर होना आवश्यक बताया।
अतिथियों ने कहा कि उत्साह व मेहनत से अपने लक्ष्य की प्राप्ति करें। आप जैसा चाहेंगी, वैसा ही बन जाएंगी। कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है जहां महिलाएं काम नहीं कर रही हैं। बालिकाएं शिक्षित एवं अपनी सुरक्षा व अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो एवं अपने भविष्य व वर्तमान को समुन्नत करें ऐसा इस अभियान का लक्ष्य है। विद्यालय की छात्राओं द्वारा कविता बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, अमृत महोत्सव, नृत्य नाटिका -भ्रूण हत्या, भारत की बेटी, अर्द्धनारीश्वर, रुक्मिणी सत्यभामा आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विद्यालय समिति के अध्यक्ष पद्मनाभ गोस्वामी, बांकेबिहारी शर्मा, विश्वनाथ गुप्ता, महेश अग्रवाल, रेखा माहेश्वरी, वर्तिका गोयल, विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. अंजू सूद व समिति के समस्त पदाधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर हर्ष व्यक्त करते हुए छात्राओं को बधाई दी।