मथुरा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की आधिकारिक डेटशीट जारी कर दी है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी।
विज्ञापन
सीबीएसई कोऑर्डिनेटर शैलेंद्र ग्रेवाल ने बताया कि स्कूलों की ओर से एलओसी डेटा सही समय पर जमा किए जाने के कारण इस बार परीक्षा से 101 दिन पहले ही शेड्यूल जारी कर दिया गया है, ताकि छात्रों की परीक्षा का तनाव कम हो सके और वे बेहतर तैयारी कर सकें। इस बार जिले में 10वीं में 13800 और 12वीं में 11191 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इसके लिए जिले में 32 केंद्र बनाए गए हैं। 10वीं की परीक्षाएं 9 मार्च तक (सामाजिक विज्ञान अंतिम विषय) और 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक (रिटेल व वेब एप्लीकेशन अंतिम विषय) चलेंगी। आधिकारिक डेटशीट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट www.cbse.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई है।