हीरो के शोरूम पर बाइक पसंद करते लोग।
मथुरा। धनतेरस पर बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सोना-चांदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तनों की खरीदारी के लिए सुबह से देर रात तक बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए लोगों ने पहले से तैयारियां कर रखी थीं। ऑटोमोबाइल और सोने-चांदी का कारोबार ही 300 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान लगाया गया है।
वाहन खरीदने के लिए सुबह सात बजे से ही शोरूमों पर ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया। दिनभर में करीब 1500 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई, जबकि 400 से अधिक कारों की डिलीवरी दी गई। ऑटोमोबाइल कारोबारी पीयूष चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले चार पहिया वाहनों की बिक्री में 16 प्रतिशत और दोपहिया वाहनों में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
उधर, होली गेट, चौक बाजार, छत्ता बाजार, धौली प्याऊ और कृष्णानगर के सराफा प्रतिष्ठानों पर सोने-चांदी के आभूषण खरीदने वालों की भीड़ रही। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और मोबाइल की मांग रही। वहीं बर्तन बाजार में पीतल, तांबे और स्टील के बर्तनों की खूब खरीदारी हुई। दुकानदारों ने छूट और उपहार देकर ग्राहकों को आकर्षित किया।