मथुरा के नौहझील में बिजली कटौती को लेकर आने वाली शिकायतें आमतौर पर गर्मी, पेयजल संकट या पढ़ाई में बाधा से जुड़ी होती हैं, लेकिन नौहझील क्षेत्र में एक पशुपालक की अनोखी गुहार ने बिजली विभाग के कर्मचारियों से लेकर उपभोक्ताओं तक सभी का ध्यान खींच लिया। व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजे गए उसके मासूम संदेश को पढ़कर पहले लोग मुस्कुराए, लेकिन स्थिति की गंभीरता समझते हुए विभाग ने तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करा दी।
मामला बाजना क्षेत्र का है। यहां अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसी दौरान बिजली विभाग की ओर से उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में एक पशुपालक ने संदेश भेजा कि उसकी भैंस बच्चा देने वाली है और अंधेरे के कारण काफी परेशानी हो रही है। उसने हाथ जोड़कर अधिकारियों से जल्द बिजली चालू कराने का अनुरोध किया।
ग्रामीण की इस सादगी भरी अपील ने ग्रुप में मौजूद कर्मचारियों और अन्य उपभोक्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। आमतौर पर बिजली बहाली के लिए इस तरह की वजह सामने नहीं आती, इसलिए संदेश पढ़ते ही कुछ देर के लिए माहौल हल्का हो गया। हालांकि, कर्मचारियों ने मामले की गंभीरता को समझते हुए बिना देर किए तकनीकी टीम को सक्रिय किया और इलाके की बिजली आपूर्ति बहाल करा दी।
बिजली आने के बाद पशुपालक ने राहत की सांस ली। वहीं, यह अनोखा संदेश अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस घटना पर अनूठी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि एक पशुपालक की मासूम गुहार पर बिजली विभाग ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की और जरूरत के समय मदद पहुंचाई।
ये भी पढ़ें-
श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण: कोर्ट में दोनों पक्षों ने रखे अपने-अपने तर्क, अब 18 अगस्त को होगी वार्ता