फोटो 1: स्वर्ण व कांस्य पदक के साथ दिव्यांग जवान खिलाड़ी विजय सिंह कुंतल
सौंख। मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनो में जान होती है। पंख से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। सीमा सुरक्षा बल में रहकर देश सेवा करने वाले एक जवान विजय सिंह कुंतल ने इस संकल्पना को साबित कर दिखाया है। एक हाथ से दिव्यांग विजय सिंह कुंतल ने करीब 500 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए पुणे में 6वीं नेशनल पैरा शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण व कांस्य पदक जीत कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
5 से 10 नवंबर तक दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 6वीं नेशनल पैराशूटिंग चैंपियनशिप आयोजित हुई। चैंपियनशिप में देश भर से 500 से अधिक पैरा खिलाड़ियों ने भाग लिया। खुटेल पट्टी के गुनसारा गांव निवासी बीएसएफ जवान विजय सिंह कुंतल ने भी इसमें प्रतिभाग किया और रविवार को 10 मीटर राइफल प्रोन पोजिशन में स्वर्ण पदक जीता। जबकि शनिवार को एयर रायफल स्टैंडिंग स्तर में कांस्य पदक जीता। विजय सिंह कुंतल वर्ष 2021 में पहली नेशनल पैराशूटिंग चैंपियनशिप में एक कांस्य पदक जीत चुके हैं।
उन्होंने वर्ष 2022 मार्च में दिल्ली में हुए द्वितीय नेशनल पैरा शूटिंग चैंपियनशिप में 50 मीटर रायफल प्रोन पोजिशन में एक सिल्वर मेडल, 10 मीटर एयर रायफल स्टैंडिंग और प्रोन पोजिशन में दो कांस्य पदक जीते हैं। वर्ष 2024 में पुणे में प्रोन पोजीशन में कांस्य पदक जीता है। खिलाड़ी विजय सिंह कुंतल ने बताया कि अब उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करना है। इस दौरान बसपा नेता सुरेश सिंह, डॉ. देवेंद्र सिंह, केदारी सिंह पंच, देवी सिंह कुंतल, पूर्व चेयरमैन भरत सिंह, चेयरमैन योगेश लंबरदार सहित अन्य ने बधाई दी है।