मांट। थाना मांट क्षेत्र के अंतर्गत नगला दानी के निकट सोमवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भर कर ले जा रहे दो किसानों के साथ मारपीट कर दो बाइकों पर आए बदमाशों ने हथियारों के बल पर हजारों रुपये लूट लिए। सूचना मिलते ही थाना मांट पुलिस एवं पीआरवी मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार देर रात गांव नगला श्याम निवासी नेम सिंह और रतन सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भर कर खंदौली जा रहे थे। नगला दानी के पास दो बाइकों पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने असलहे के दम पर दोनों किसानों से मारपीट करते हुए हजारों रुपये की नकदी लूट ली।
बदमाश उनका मोबाइल भी लूट ले गए। किसानों ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। बड़ी संख्या में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ पहुंच गई। सूचना मिलते ही मौके पर मांट थाना प्रभारी निरीक्षक रामशंकर गौतम पहुंचे। मांट थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। शीघ्र लुटेरों को पकड़ा जाएगा।