मथुरा। देवेंद्र प्रताप सिंह फाइल फोटो
- फोटो : mathura
मथुरा। फरह थाना क्षेत्र के टोल टैक्स के पास सोमवार की रात बाइक सवार युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
आगरा के थाना अछनेरा स्थित पूर्वी रठिया निवासी यशपाल सिंह ने बताया कि उनका भाई देवेंद्र प्रताप सिंह (35) मथुरा में प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था। सोमवार की रात वह बाइक से घर आ रहा था। गांव चुरमुरा के पास तेजगति में आते वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
यशपाल ने बताया कि देवेंद्र का तीन साल पहले मथुरा के गोवर्धन रोड स्थित नगला पोखर निवासी विजय देवी के साथ विवाह हुआ था। शादी के बाद विजय ने एक बेटी को जन्म दिया। वर्तमान में भी विजय छह माह की गर्भवती है। सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि बाइक सवार युवक ने हेलमेट पहन रखा था। इसके बाद भी उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगी। संभवत हेलमेट कंपनी का नहीं था। यदि हेलमेट अच्छी क्वालिटी का होता तो सिर और चेहरे में चोट नहीं आती। परिजन की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।