मथुरा। अवधेश पाल सिंह फाइल फोटो।
- फोटो : mathura
मथुरा। फरह थाना क्षेत्र के रैपुरा जाट पर मंगलवार को आगरा लेबर कोर्ट जाते समय गोवर्धन के वन क्षेत्राधिकारी की बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारी पहुंच गए।
प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल ने बताया कि मूलरूप से झांसी के थाना समथर क्षेत्र के रहने वाले वन क्षेत्राधिकारी अवधेश पाल (53) वर्तमान में अलीगढ़ में खैर बाईपास पर परिवार के साथ रहते थे। वह तीन साल पहले मथुरा आए थे और गोवर्धन में तैनात थे। मंगलवार की सुबह वह अपनी बाइक से विभागीय कार्य के लिए आगरा स्थित लेबर कोर्ट जा रहे थे। रेपुरा जाट के समीप किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हेलमेट पहने होने के बाद भी वाहन का पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया। दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर, पुलिस ने कपड़ों की तलाशी ली तो पहचान पत्र और आधार कार्ड से उनकी शिनाख्त हुई और परिजन को सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अपने साथ ले गए और अंतिम संस्कार किया।
सीओ रिफाइनरी स्वेता वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम के दुर्घटना करने वाले वाहन को खोजा जा रहा है। अभी परिजन ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।